न्यूज़ स्टोरी
By Abhijit Sharma Editor In Chief
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में मंगलवार सुबह अचानक बादल फटने से भीषण तबाही मच गई। कुछ ही मिनटों में तेज़ बारिश और पहाड़ों से आए पानी के सैलाब ने पूरे इलाके को जलमग्न कर दिया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस आपदा में कई दुकाने, रिसॉर्ट्स और पार्किंग स्थल बह गए हैं। सड़कें टूट चुकी हैं और कई वाहन मलबे में दबे पड़े हैं। राहत-बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) और एनडीआरएफ (National Disaster Response Force) की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झरनों से अचानक कई गुना अधिक पानी आने लगा, जिससे नदी नालों में उफान आ गया और लोग जान बचाकर भागते नजर आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। कई पर्यटक और स्थानीय लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
सहस्त्रधारा को देहरादून का ‘स्वर्ग’ कहा जाता है, जहां गर्मियों के दिनों में हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। लेकिन अब वही जगह मलबे में तब्दील हो चुकी है।
प्रशासन ने फिलहाल पूरे क्षेत्र को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है और लोगों से अपील की है कि वे सहस्त्रधारा क्षेत्र में न जाएं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए इलाके में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।


